दुर्ग में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी (एसआईआर) और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता राजीव भवन से दुर्ग कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला भी फूंका प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कलेक्ट्रेट इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। तीन स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी, वहीं भाजपा कार्यालय के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ते हुए दो बैरिकेडिंग पार कर लीं। कलेक्ट्रेट के पास पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लगाए।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची में हेरफेर किया जा रहा है और विपक्ष के वोट काटकर फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस अलग-अलग माध्यमों से विरोध जारी रखेगी
SIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

