रायपुर, 25 सितंबरl छत्तीसगढ़ कांग्रेस रिसर्च डिपार्टमेंट के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने कहा कि कल मौसम विभाग द्वारा रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भारी वर्षा की पूर्व चेतावनी जारी की गई थी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से सरकारी अलर्ट एसएमएस भी भेजा गया। इसके बावजूद रायपुर सहित अन्य जिलों में विद्यालय खुले रहे। भारी बारिश और जलभराव के बीच कई छोटे-छोटे बच्चे भीगते हुए स्कूल पहुंचे, जबकि अभिभावकों और स्कूल वाहनों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ऐसे मौसम में बच्चों का स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए भी जोखिमपूर्ण है। यदि एक दिन पहले ही विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया जाता, तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।
इदरीस गांधी ने कहा कि यदि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल या आने वाले दिनों में भी भारी वर्षा की संभावना बनी रहती है, तो छत्तीसगढ़ शासन एवं कलेक्टर को अभी से आवश्यक तैयारी रखते हुए समय रहते विद्यालयों में अवकाश घोषित कर देना चाहिए। इससे आज जैसी स्थिति दोबारा नहीं बनेगी, बच्चों को बारिश में भीगकर स्कूल नहीं जाना पड़ेगा और अभिभावकों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

