एक आवेदन से आसान हुई दिव्यांग अशोक की राह, आवेदन के दिन ही मिली ट्राईसायकल

एक आवेदन से आसान हुई दिव्यांग अशोक की राह, आवेदन के दिन ही मिली ट्राईसायकल

रायपुर । समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सुगम जीवन की दिशा में सहयोग दिया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम तुर्रीडीह निवासी 70 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग अशोक सिंह को आवेदन करने के दिन ही ट्राईसायकल उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से अब अशोक के लिए दैनिक आवागमन पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गया है।

दैनिक आवागमन में होती थी परेशानी

चलने-फिरने में कठिनाई के कारण अशोक सिंह को दैनिक जरूरतों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अपनी आवश्यकता को लेकर उन्होंने ट्राईसायकल प्रदान करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन की जानकारी कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

आवेदन के दिन ही मिली ट्राईसायकल

निर्देशों के अनुपालन में आवेदन की तिथि को ही अशोक सिंह को ट्राईसायकल प्रदान कर दी गई। सहायक उपकरण मिलने पर अशोक सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।

दैनिक कार्यों के लिए आवागमन हुआ सुगम

ट्राईसायकल मिलने से अशोक सिंह अब अपने दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए पहले की तुलना में अधिक सुगमता से आवागमन कर सकेंगे। जिला प्रशासन की त्वरित पहल से उन्हें न केवल सहायक उपकरण मिला, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *