विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
बस्तर में शांति के साथ विकास का नया सूर्योदय
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह हुई है। अब बस्तर के नवनिर्माण का स्वर्णिम समय है। नियद नेल्ला नार 2.0 और बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से योजनाओं और सामुदायिक सुविधाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। बंद पड़े स्कूलों को फिर से शुरू करने के साथ नए स्कूलों और एजुकेशन सिटी के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
सड़क, बिजली, परिवहन और संचार सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है तथा आजीविका उन्नयन योजना के माध्यम से परिवारों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। धान खरीदी, फसल विविधीकरण और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक मजबूती देने के प्रयास किए जा रहे हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है।
महिला सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। वहीं युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सुधारों के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
एआई और निवेश से नई अर्थव्यवस्था को गति
राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत एआई डेटा लैब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। विद्यार्थियों और शासकीय कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन्वेस्टर कनेक्ट के माध्यम से प्राप्त निवेश प्रस्तावों से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। ऊर्जा, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी अधोसंरचना विकास को गति दी जा रही है।
सुशासन, पर्यटन और संस्कृति पर जोर
सरकार ने ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन, सेवा सेतु पोर्टल और अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बस्तर और सरगुजा में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा तथा चित्रकोट और सिरपुर को नई पहचान देने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ सभी का सामूहिक लक्ष्य है। स्वतंत्रता के अमृत मूल्यों से प्रेरणा लेकर और अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखते हुए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।

