जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। इसके चलते अमरनाथ यात्रा से लौट रहे सैकड़ों श्रद्धालु काजीगुंड के मीर बाजार स्थित यात्री निवास में फंस गए हैं।
बाबा बर्फानी के दर्शन करने के बाद वे अपने घरों की ओर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हाईवे बंद होने के कारण उन्हें रुकना पड़ा। कई श्रद्धालुओं का कहना है कि वे पिछले एक-दो दिनों से यातायात खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
महाराष्ट्र से आए एक बुजुर्ग तीर्थयात्री ने बताया कि उन्होंने सफलतापूर्वक अमरनाथ यात्रा पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि रास्ता बंद होने के कारण थोड़ी परेशानी हो रही है, लेकिन सरकार की ओर से लंगर, रहने और अन्य जरूरी सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की गई है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की भी तारीफ करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह का डर नहीं है।
उन्होंने बताया कि यात्री निवास में बड़ी संख्या में लोग रुके हुए हैं। अनुमान के मुताबिक यहां करीब एक हजार से डेढ़ हजार श्रद्धालु मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है, लेकिन सभी को रास्ता खुलने का इंतजार है।

