बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लग गई है, जिसमें 27 लोगों की जलकर और दम घुटकर मौत हो गई। वहीं, 63 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर है कि इनमें से 22 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। आग की वजह की जांच जारी है। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक पब में रविवार देर रात भीषण आग लग गई है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने दुर्घटना स्थल पर संवाददाताओं को बताया कि इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बचावकर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित पब के मुख्य दरवाजे से आग की लपटें निकलती दिख रही हैं और लोग जान बचाने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसमान में काले धुएं का गुबार उठ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब भी बड़ी संख्या में लोग गायब हैं। खबर है कि रात करीब 11 बजकर 57 मिनट पर हुए इस हादसे में 63 लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद तुरंत हरकत में आए दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में ही आग पर काबू पा लिया था। आग की शुरुआत स्टेज एरिया के पास बताई जा रही है।
पब में आग से 27 लोग मरे

