गुरुग्राम में पुलिस-शूटरों के बीच मुठभेड़, 4 बदमाश ढेर

नईदिल्ली। गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में गुरुवार रात पुलिस और दीपक नांदल गैंग के शूटर्स के बीच बड़ी मुठभेड़ हो गई। कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे बदमाशों को जब क्राइम ब्रांच की टीमों ने घेरा, तो उन्होंने पुलिस पर ही हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से 4 शूटर ढेर कर दिए गए तो एक जख्मी है। इस मुठभेड़ में बदमाशों का डटकर मुकाबला करते हुए गुरुग्राम पुलिस के 3 जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

गुरुग्राम पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि सुशांत लोक फेज-2 क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी घूम रही है, जिसमें कई हथियारबंद अपराधी सवार हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की कई टीमें तुरंत मौके की तरफ रवाना हुईं। जब पुलिस टीमें सुशांत लोक पहुंचीं, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। स्कॉर्पियो सवार अपराधी वहां रहने वाले एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे विशाल बेरी के घर पर हथियारों से अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे थे। बेरी परिवार के लिए यह बंधक जैसी स्थिति बन गई थी। अंदर बेरी का डरा सहमा परिवार और बाहर अंधाधुंध फायरिंग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *