सिटी कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, तीन लाख की अर्टिगा कार भी जब्त
बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी अर्टिगा कार से अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 130 पाव अवैध शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त करीब तीन लाख रुपये मूल्य की कार जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की अर्टिगा कार क्रमांक DL 1C AE 6066 में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम खैंदा की ओर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम ने कृषि उपज मंडी खोरसीनाला के सामने खैंदा (ड) मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक धनकुमार टंडन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे बैग से 40 पाव गोवा शराब तथा डिक्की में रखे थैले से 90 पाव रोमियो देशी मसाला शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 130 पाव अवैध शराब (23.400 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 13,800 रुपये है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी जब्त कर ली।
आरोपी धनकुमार टंडन (58 वर्ष), निवासी ग्राम खैंदा (ड), थाना सिटी कोतवाली के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि जिले में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की राजसात की कार्रवाई भी की जाएगी।

