युवा चेतना के प्रेरणास्रोत, आध्यात्मिक गुरु और भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने वाले स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने देश के ‘आत्मविश्वास’ और ‘स्व’ को जगाने का काम किया था तथा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी मार्ग पर चलकर देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
एक्स पर पोस्ट कर किया नमन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “स्वामी विवेकानंद जी के निर्वाण दिवस पर उनका स्मरण कर उन्हें नमन करता हूं।” उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “विश्व को वेदांत, दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा से पुनः परिचित कराने वाले स्वामी विवेकानंद ने युवाओं में चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई। उन्होंने देश के कोने-कोने में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का शंखनाद किया और रामकृष्ण मिशन की स्थापना कर अध्यात्म व सेवा को संगठित स्वरूप प्रदान किया। उनके विचार और आदर्श युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे।”
‘आधुनिकता और आध्यात्मिकता का अद्भुत समन्वय किया’
अमित शाह ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद जी ने अपनी अल्प आयु में ही भारत के ज्ञान, संस्कृति और दर्शन को पूरी दुनिया में पहुंचाने का काम किया। अमेरिका में आयोजित सर्वधर्म सम्मेलन में उन्होंने अपने एक ही संबोधन से सनातन धर्म के ‘विश्व बंधु’ के संदेश से पूरी दुनिया को परिचित कराया।” उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद एक ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने आधुनिकता और आध्यात्मिकता का अद्भुत समन्वय किया। मेरे विचार से उनके सिद्धांत उस समय जितने प्रासंगिक थे, आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।”
‘स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चल रहे हैं पीएम मोदी’
गृह मंत्री ने कहा, “स्वामी विवेकानंद ने ही हमारे देश के आत्मविश्वास को जगाया था। उन्होंने ही हमारे देश के ‘स्व’ को जागृत किया था और इसी रास्ते पर चलकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हम सभी को स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा और आशीर्वाद प्राप्त हो।

