रायपुर। पंडरी क्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह वार्ड में बीते दो दिनों से नलों में पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण क्षेत्रवासी गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शंकर नगर टंकी में खारुन नदी से जरूरत के अनुसार पानी नहीं पहुंच पाने के कारण जल आपूर्ति बाधित हो गई है। इससे पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा उपभोक्ताओं से सालाना लगभग 2400 रुपए वसूले जाते हैं, बावजूद इसके नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पाना समझ से परे है। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
वहीं जोन कमिश्नर सिंग मैडम ने भी पानी की सप्लाई बाधित होने की बात से इनकार नहीं किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आज शाम तक पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

