कोलकाता,21 अप्रैल। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आनंदलोक अस्पताल में आग लग गई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं हैं। वहीं, अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया जा रहा है। अब तक साफ नहीं है कि घटना के समय अस्पताल में कितने मरीज भर्ती थे। साथ ही आग लगने की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब दस बजे उन्हें इस घटना की सूचना मिली जिसके बाद आग बुझाने के लिए तीन अग्निशमन वाहनों को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि साल्टलेक के करुणामयी क्रॉसिंग पर स्थित एक निजी स्वास्थ्य केंद्र की पहली मंजिल पर आग लग गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने की खबर के साथ ही मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से शिफ्ट किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनुमान है कि आग लगने के बाद करीब 75 से 80 मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला गया है और दूसरी इमारत में पहुंचाया गया है। राहत की खबर है कि अस्पताल में मौजूद सभी लोग सुरक्षित है। आग पर काबू पाने का काम जारी है।
कोलकाता के आनंदलोक अस्पताल में आग

