इंटरनेशनल करेंसी के नाम पर ठगी: गैंग का एक और आरोपी गिरफ्तार

🟡 यूएस डॉलर-जीबीपी एक्सचेंज के बहाने 19 लाख से अधिक की ठगी, देशभर में 3 करोड़ की वारदातें कबूलीं

📍 रायपुर |  राजधानी रायपुर में इंटरनेशनल करेंसी एक्सचेंज के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में देशभर के कई राज्यों में करोड़ों की ठगी करना स्वीकार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हरदीप सिंह होरा, निवासी गुरुनानक नगर, तेलीबांधा ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह “ट्रैवल प्लानर” नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करता है। 1 मार्च 2026 को उसे व्हाट्सएप कॉल के जरिए हर्षित अग्रवाल नामक व्यक्ति ने संपर्क कर अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही।

आरोपी ने विश्वास में लेकर प्रार्थी को करेंसी एक्सचेंज का प्रस्ताव दिया और 2 मार्च को करेंसी टॉवर, तेलीबांधा स्थित जेनेट को-वर्किंग स्पेस बुलाया। वहां 18,000 यूएस डॉलर और 2,000 जीबीपी (करीब 19.47 लाख रुपए) लेकर पहुंचने पर आरोपी के साथी ने नोट गिनने के बहाने प्रार्थी को उलझाया और मौके का फायदा उठाकर पूरी रकम लेकर फरार हो गए।

🔹 पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में पूर्व में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों—प्रोसेनजित चक्रवर्ती (प. बंगाल) और मयंक शर्मा (हरियाणा/लखनऊ)—को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.50 लाख रुपए नगद एवं 2 मोबाइल फोन जब्त किए थे।

🔹 कोलकाता से दबोचा गया तीसरा आरोपी
पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्य अमन शर्मा का नाम सामने आया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसे पश्चिम बंगाल के 24 परगना में लोकेट किया गया। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

🔹 देशभर में 22 वारदातें, 3 करोड़ की ठगी
पूछताछ में आरोपी अमन शर्मा ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर इसी तरीके से देश के विभिन्न राज्यों—महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश—में 22 से अधिक ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरोह द्वारा कुल मिलाकर करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी की गई है।

🔹 अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी अमन शर्मा (उम्र 18 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है तथा मामले में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *