राइस मिल से 800 कट्टा जप्त, कुल 1460 कट्टा अवैध धान जब्त
महासमुंद, 02 दिसम्बर 2025।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के आधार पर राजस्व, मंडी, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच चौकियों, राइस मिलों और उपार्जन केंद्रों में छापेमारी कर रही हैं। राइस मिलों में स्टॉक वेरीफिकेशन का कार्य भी सतत जारी है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न स्थानों पर कुल 1460 कट्टा अवैध धान जप्त किया गया है।
राइस मिल से 800 कट्टा धान की जब्ती
विकासखंड पिथौरा में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिथौरा बजरंग वर्मा के नेतृत्व में सपनेश्वर राइस इंडस्ट्री, नरसिंहपुर में भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन में 9232.8 क्विंटल (23082 कट्टा) धान कम पाया गया। मिल में मौजूद 800 कट्टा धान को तुरंत जब्त कर प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जगदीशपुर रोड पर ट्रैक्टर से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 75 पैकेट धान को पकड़ा गया। वाहन और धान को जप्त कर थाना बसना को सौंपा गया।
पिरदा समिति में किसान द्वारा लाया गया 135 बोरी पुराना धान नियम विरुद्ध पाया गया, जिसे जप्त कर प्रकरण मंडी सचिव को मंडी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई हेतु सौंपा गया।
सरायपाली क्षेत्र में 450 कट्टा धान बरामद
सरायपाली विकासखंड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली अनुपमा आनंद के नेतृत्व में ग्राम गनियारिपाली में कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने यहां 450 कट्टा अवैध धान बरामद कर आवश्यक कार्रवाई हेतु थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया।
कलेक्टर का निर्देश: मिलों में निरंतर सत्यापन, अनियमितता पर कठोर कार्रवाई
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जिले की सभी राइस मिलों में भौतिक सत्यापन निरंतर जारी रहेगा। स्टॉक में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी जारी रहेगी।

