इराक के शॉपिंग मॉल में आग, 60 लोगों की मौत

इराक। इराक के वासित के अल-कुत शहर में एक शॉ मॉल में बुधवार देर रात आग लग गई। इस घटना में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने वासित के गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही के हवाले से यह जानकारी दी है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एक विशाल इमारत का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में देखा जा सकता है। वहां घना धुआं उठ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लगे। एक अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया, “हमने अब तक 59 शवों की पहचान कर ली है, लेकिन एक शव इतना बुरी तरह जला हुआ है कि उसकी पहचान संभव नहीं हो पा रही।” अभी और शवों की बरामदगी जारी है। आग का कारण फिलहाल अज्ञात है। वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही ने बताया है कि हमने इमारत और मॉल के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *