भोपालपटनम@ भोपालपटनम तहसील के अंतर्गत संचालित सहकारी सोसायटियों में खाद नहीं मिलने से किसान काफी परेशान है। समय पर यूरिया एवं डीएपी खाद नहीं मिलने की वजह से कृषि कार्य अत्यधिक प्रभावित हो रहा है लेकिन प्रदेश की साय सरकार को किसानों की बिल्कुल भी परवाह नहीं है।
उक्त बातें पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बसंत राव ताटी ने कही। ताटी ने कहा कि इस वक्त बरसात का मौसम है सभी किसान कृषि कार्य में जुटे हुए है जिसमें से अधिकांश किसान सूखा धान की बुवाई भी कर चुके हैं लेकिन सहकारी सोसाइटियों के माध्यम से मिलने वाला खाद नहीं मिलने से किसान काफी चिंतित है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष किसानों को दी जाने वाली कृषि ऋण के माध्यम से खाद वितरण नहीं किया जा रहा है जिसके चलते क्षेत्र के किसान पड़ोसी राज्य तेलंगाना एवं महाराष्ट्र जाकर महंगी खाद खरीदने पर मजबूर है ताटी ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार कही किसानों की धान खरीदी पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ से बचने के लिए धान का उत्पादन कम करने की योजना तो नहीं बना रही है? ताटी ने किसानों के हितों को ध्यान मे रखते हुए तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग सरकार से की है।
खाद की आपूर्ति तत्काल करें सरकार-बसंत ताटी

