NSUI के नेतृत्व में रविवि पहुंचे विद्यार्थी”ज्ञापन के साथ चेतावनी भी दी, अगली चूक पर उग्र आंदोलन तय — शान्तनु झा”

रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) में परीक्षा व्यवस्था की भारी लापरवाही को लेकर आज NSUI के कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष शान्तनु झा के नेतृत्व में NSUI प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की अकर्मण्यता पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। गौरतलब है कि जेमोलॉजी विषय के छठवें सेमेस्टर के छात्रों को 17 जून की परीक्षा में सेकंड सेमेस्टर का पेपर थमा दिया गया, जिससे छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया।

NSUI ने इस गंभीर प्रशासनिक चूक को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया और आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब परीक्षा विभाग द्वारा इस तरह की घोर लापरवाही सामने आई है। छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर घंटों इंतज़ार के बाद यह बताया गया कि पेपर ही गलत है और समस्या का कोई समाधान नहीं दिया गया। इससे उनका समय, ऊर्जा और मनोबल तीनों का नुकसान हुआ।

ज्ञापन के दौरान कुलसचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस मामले में शीघ्र ही जांच समिति गठित की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही परीक्षा संचालन प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

NSUI जिला अध्यक्ष शान्तनु झा ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होती है, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और NSUI छात्रहितों के लिए सड़क से प्रशासनिक गलियारों तक हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान NSUI के प्रमुख पदाधिकारी प्रदेश महासचिव निखिल बघेल, जिला महामंत्री सूरज साहू, नूर अली, उपाध्यक्ष विमल साहू, भोजराज, तारिक, जिला सचिव संस्कार, नवीन, उत्कर्ष, हिमांशु, सौरभ सहित अनेक छात्र नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *