दिल्ली में लागू होगी आयुष्मान योजना, 10 लाख का मुफ्त इलाज

नई दिल्ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार शाम को अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की। सचिवालय भवन में हुई इस कैबिनेट मीटिंग में सभी 6 मंत्री भी शामिल हुए। बैठक में प्रमुख फैसला लेते हुए सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू करने को मंजूरी दे दी। इसके अलावा कैबिनेट ने सदन की पहली ही बैठक में CAG रिपोर्ट रखने का फैसला भी किया।
बैठक के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू हो गई है। इसके तहत दिल्लीवासियों को निजी या सरकारी अस्पताल में 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज कराने की सुविधा मिलेगी।
‘महिला समृद्धि योजना’ पर यह बोलीं सीएम रेखा
कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, ‘हमने लोगों से जो वादे किए हैं, हम उन्हें हम पूरा करेंगे।’ वहीं दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी के दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपए देने के भाजपा के वादे पर दिए गए बयान पर दिल्ली की सीएम ने कहा, ‘हमारी सरकार है, एजेंडा हमारा होगा। हमें काम करने दीजिए। उन्हें हमें सब कुछ बताने की जरूरत नहीं है, उन्होंने सत्ता में रहते हुए जो करना था, कर दिया है।’
सचदेवा बोले- भाजपा ने अपना वादा निभाया
कैबिनेट के फैसले के बाद दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि ‘दिल्ली में स्थापित भाजपा सरकार ने आज पहली कैबिनेट बैठक करके ना सिर्फ दिल्ली वालों को आयुष्मान भारत योजना जैसा तोहफा दिया है वहीं विधानसभा में CAG की लंबित सभी रिपोर्टों को रखने का प्रस्ताव पारित कर भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का संकल्प दर्शाया है।’
आगे उन्होंने कहा, ‘यमुना जी की आरती करके सरकार ने समयबद्ध यमुना सफाई करने के स्वप्न के संकल्प को दोहराया है। हमने चुनाव प्रचार के दौरान पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का वादा किया था और आज भाजपा मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने भाजपा के स्वास्थ्य से जुड़े जन संकल्प को पूरा किया है। शीघ्र ही हम पूरे चुनाव संकल्प पत्र पर काम प्रारम्भ करेंगे।’
इससे पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिन में दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में गुप्ता के साथ छह विधायकों ने भी मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह, आशीष सूद और रवींद्र इंद्राज ने मंत्री पद की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *