45 साल तक चुपचाप भारत में रही पाक महिला, बंगाल से हुई गिरफ्तार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चंदननगर में पुलिस ने एक पाकिस्तानी महिला फातिमा बीवी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 45 सालों से भारत में रह रही थीं। मूल रूप से पाकिस्तान के रावलपिंडी की रहने वाली फातिमा 1980 में अपने पिता के साथ पर्यटक वीजा पर भारत आई थीं और उसके बाद चंदननगर में एक बेकरी मालिक मुजफ्फर मलिक से शादी कर ली थी।

उसके परिवार में अब दो बेटियां हैं, जो दोनों शादीशुदा हैं। पुलिस के मुताबिक, फातिमा 1980 में भारत आई थीं, लेकिन एक साल बाद ही वह लापता घोषित कर दी गईं और तब से वे यहां रह रही थीं। हाल ही में केंद्र सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया, जिसके बाद फातिमा के बारे में जानकारी जुटाई गई और उसे शनिवार को चंदननगर के कुथिर मठ इलाके में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

चंदननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फातिमा की वापसी को लेकर अब औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि उन्हें पाकिस्तान भेजा जा सके। वहीं दूसरी ओर, परिवार ने इस गिरफ्तारी पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि फातिमा की उम्र अब 60 साल हो चुकी है, उन्हें नियमित इलाज की जरूरत है और जल्द ही घुटनों की सर्जरी भी होनी है। परिवार का दावा है कि फातिमा का जन्म यहीं पश्चिम बंगाल में हुआ था और अब पाकिस्तान में उसका कोई नहीं बचा।

परिजनों ने बताया कि फातिमा ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन भी दिया था लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। परिवार ने पुलिस और प्रशासन से अपील की है कि मानवीय आधार पर उन्हें रिहा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *