मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर अनुज कन्नौजिया को UP STF ने किया ढेर

जमशेदपुर.मुख्तार अंसारी का शार्प शूटर अनुज कन्नौजिया यूपी एसटीएफ के साथ एनकाउंटर में ढेर हो गया है। यूपी से ही पीछे पड़ी एसटीएफ का अनुज के साथ शनिवार की देर रात झारखंड के जमशेदपुर में एनकाउंटर हुआ। मुठभेड़ में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। यूपी पुलिस के डीएसपी डीके शाही को भी गोली लगी है। शनिवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे गोविंदपुर इलाके में यह मुठभेड़ हुई। एसटीएफ को खबर मिली थी कि जनता मार्केट के पास एक घर में शूटर अनुज कन्नौजिया छिपा है। इसके बाद एसटीएफ ने घेरेबंदी की तो उसने बम भी फेंका। पुलिस और शूटर के बीच कई राउंड गोलियां चलीं। बाद में पता चला कि अनुज की मौत हो गई है। घायल डीएसपी को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि तीन महीने से यूपी एसटीएफ शूटर अनुज की टोह लेते हुए जमशेदपुर में कैम्प किए हुए थी। इस बीच खबर लगी थी कि वह गोविंदपुर के जनता मार्केट स्थित भूमिहार सदन में छिपा हुआ है। एसटीएफ को खबर लगी कि रात में वह बाहर गया था। वह वापस लौटा ही था कि झारखंड एटीएस के साथ मौजूद यूपी एसटीएफ ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। इसी दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद दोनों तरफ से करीब 25 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हुई। इसमें अनुज ढेर हो गया और डीएसपी को गोली लगी।
बम से किया पुलिस टीम पर हमला
शातिर अनुज ने पुलिस की घेराबंदी से निकलने के लिए पुलिस पर बम से भी हमला किया। लेकिन बम फटा नहीं। मौके से पुलिस ने बम के अलावा गोली समेत अन्य हथियार बरामद किए हैं। अनुज मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव का निवासी था। दो दिन पहले ही यूपी डीजीपी की तरफ से अनुज पर ढाई लाख का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख का इनाम घोषित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *