नई दिल्ली। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में दिल्ली से गिरफ्तार किए गए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एएसआई मोती राम जाट से पूछताछ में सुरक्षा एजेंसियों को कई अहम बातें पता चली हैं। पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी टीवी जर्नलिस्ट बनकर उसे जासूसी के जाल में फंसाकर भारत से जुड़ी अहम जानकारी हासिल कर रहे थे। एनआईए को मामला सौंपे जाने से पहले केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जाट से पूछताछ की थी . एक रिपोर्ट के अनुसार, मोती राम जाट ने कथित तौर पर पिछले दो सालों में पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के साथ कई अहम जानकारी शेयर की हैं। इनमें पहलगाम आतंकी हमले के कुछ घंटों बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू-कश्मीर दौरा, 50 पर्यटन स्थलों का बंद होना, सीआरपीएफ जवानों की आवाजाही और संख्या तथा आतंकियों के संदिग्ध ठिकाने ये कुछ प्रमुख जानकारियां हैं। पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों ने खुद को टीवी पत्रकार बताकर उसे 3,500 रुपये प्रति माह और महत्वपूर्ण जानकारी के लिए 12,000 रुपये अतिरिक्त दिए थे। एनआईए ने इस हफ्ते की शुरुआत में सीआरपीएफ के एएसआई मोती राम जाट को दिल्ली से गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ कर रही है। एनआईए का आरोप है कि उसने पाकिस्तानी एजेंटों के साथ खुफिया जानकारी साझा की और वह उनसे पैसे ले रहा था। वह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सीआरपीएफ बटालियन में तैनात था और 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पांच दिन पहले उसका ट्रांसफर दिल्ली कर दिया गया था।
पाक अफसर पत्रकार बन CRPF के ASI से लेते थे खुफिया जानकारी

