नई दिल्ली। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पिछले दो सप्ताह में एक यूट्यूबर समेत कम से कम 12 लोगों को पकड़ा गया है। जांच में ये सामने आया है कि ये लोग उत्तर भारत में सक्रिय पड़ोसी देश से जुड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। इनमें से छह को पंजाब से और चार को पड़ोसी राज्य हरियाणा से पकड़ा गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हरियाणा की यूट्यूबर समेत दो महिलाएं नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात पाकिस्तानी अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के कथित तौर पर संपर्क में थीं।
भारत ने 13 मई को जासूसी में कथित रूप से शामिल होने के कारण पाकिस्तानी अधिकारी को निष्कासित कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को संवेदनशील जानकारी कथित तौर पर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये संदिग्धों के वित्तीय लेन-देन की जांच और उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का फॉरेंसिक विश्लेषण भी किया जा रहा है।
यूपी से भी ISI का कथित एजेंट गिरफ्तार
पंजाब और हरियाणा से की गई गिरफ्तारियों के अलावा, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के एक कथित एजेंट को रविवार को उत्तर प्रदेश के रामपुर से विशेष कार्य बल द्वारा गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने चार मई को अमृतसर के अजनाला के रहने वाले फलकशेर मसीह और सूरज मसीह को सीमावर्ती जिले में सेना के छावनी क्षेत्रों व हवाई अड्डों की संवेदनशील जानकारी और तस्वीरें आईएसआई को भेजने में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि दोनों आरोपी सेना की गतिविधियों, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) शिविरों और हवाई अड्डों, तस्वीरों और अन्य संवेदनशील आंकड़ों जैसी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र करने और पाकिस्तान में अपने आकाओं को भेजने में कथित तौर पर शामिल थे।

