दिल्ली-NCR में बारिश का कहर… सड़कों पर भरा पानी, महंगी गाड़ियां फंसीं

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह आंधी और भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की खबरें आ रही हैं. दिल्ली के मोतीबाग, मिंटो रोड, एयरपोर्ट टर्मिनल 1 के पास जलभराव से परेशानियां बढ़ गई हैं. सड़कों पर पानी भरा है, जिससे वाहनों को निकलने में दिक्कतें हो रही हैं. दिल्ली के मिंटो रोड पर भारी जलभराव के कारण एक कार डूबी हुई देखी गई.

रविवार तड़के राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हुई. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को लंबे समय बाद चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली. हालांकि, बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आवाजाही में भारी दिक्कतें हुईं. दिल्ली के मिंटो रोड, द्वारका फ्लाईओवर, चाणक्यपुरी, सुब्रतो पार्क इलाका और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के पास जलभराव के विजुअल सामने आए हैं. मिंटो रोड के पास एक कार पानी में पूरी तरह डूब गई. वहीं, एयरपोर्ट के आसपास भी भारी जलभराव देखने को मिला है. चाणक्यपुरी और द्वारका जैसे पॉश इलाकों में भी जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई. दिल्ली के आईटीओ इलाके में भी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया. दिल्ली में धौला कुआं पर बारिश की वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी जा रही है. यहां धीमी गति से वाहन आगे बढ़ रहे हैं. आंधी-तूफान और बारिश की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर 100 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा है. जानकारी के मुताबिक, 25 से ज्यादा फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई उड़ानों में देरी हो रही है. एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, अब भी पिछले रात की उड़ानों के कारण दबाव बना हुआ है. दिल्ली एयरपोर्ट ने सुबह एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया कि कल रात खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें और अपडेट के लिए एयरलाइन कर्मचारियों के संपर्क में रहें.दिल्ली के वसंत कुंज अरोड़ा आसफ अली मार्ग पर एक पेड़ गिर गया है. सड़क पर पेड़ गिरने के कारण जल जमाव हो गया और एक तरफ का रास्ता बंद हो गया है. सड़क पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *