लखनऊ।यूपी विधानसभा बजट सत्र: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को बजट सत्र की शुरुआत से पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान हंगामा हुआ। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने महाकुंभ भगदड़, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे विधायकों को शांत करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। बाद में सदन को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि उनकी सरकार विपक्ष द्वारा पूछे जा रहे हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। योगी ने कहा कि सपा को राज्य सरकार द्वारा किए गए हर काम का विरोध करने की आदत है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कल से राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा होगी। 20 फरवरी को सदन में उत्तर प्रदेश का वर्ष 2025-26 का आम बजट पेश किया जाएगा। सत्र 18 फरवरी से 5 मार्च तक प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में ऐसे बहुत कम अवसर आए हैं, जब इतने लंबे समय तक सत्र आहूत किया गया हो। लेकिन सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से पूरी होनी चाहिए। यह केवल सत्ता पक्ष की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विपक्ष की भी उतनी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सदन चर्चा का मंच बनना चाहिए।”
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी ने कहा, सपा ने सरकार के बहुत अच्छे कामों का विरोध किया

