पिथौरा। पिथौरा क्षेत्र में रविवार दोपहर कौड़िया-पीलवापली डेम के एनीकट में नहाने के दौरान दो बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे में एक बच्चे को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 वर्षीय हरिशंकर ठाकुर, पिता गणेश ठाकुर, निवासी कौड़िया पारा, अब तक लापता है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देर शाम तक बचाव दल और ग्रामीणों ने किशोर की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 5 से 7 बच्चे एनीकट में नहाने के लिए पहुंचे थे। इनमें कुछ बच्चे पानी के किनारे मौजूद थे, जबकि कुछ एनीकट के ऊपर से पानी में छलांग लगाकर नहा रहे थे। बारिश के कारण एनीकट में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान अचानक दो बच्चे तेज धारा की चपेट में आकर बह गए।
हादसे के दौरान टीनकु बारिहा को आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल रस्सी की मदद से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं 15 वर्षीय हरिशंकर ठाकुर तेज बहाव में बह गया और उसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

