बीजापुर – जहां एक ओर पाकिस्तान को भारत ने सीमापार जवाब दिया है, वहीं देश के भीतर भी सुरक्षा बलों व्दारा सफलतापूर्वक लड़ा जा रहा है। बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में 16 दिनों से चल रहे नक्सल ऑपरेशन में 22 माओवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है, वहीं 18 माओवादियों के शव मौके पर बरामद किए गए हैं। इससे पूर्व 4 माओवादियों को पहले ही ढेर किया गया। बीजापुर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाके कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर सुरक्षा बलों ने अब पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया है। यह क्षेत्र माओवादियों के लिए सुरक्षित गढ़ माना जाता था, लेकिन अब उनकी रीढ़ को तोड़ने वाला निर्णायक ऑपरेशन चलाया गया है।
इस हाई-लेवल ऑपरेशन की निगरानी स्वयं सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह कर रहे हैं, जो दिल्ली से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, सीआरपीएफ आईजी राकेश अग्रवाल और बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ऑपरेशन को फील्ड से मॉनिटर कर रहे हैं।

