लंदन। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने बुधवार को लंदन में बैठकर भारत के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। यूनुस ने यहां चैथम हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उन्होंने शेख हसीना की जुबान पर लगाम लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा था लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया का हवाला देते हुए इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भारत के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंध बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन उन्होंने यह भी माना कि “हर बार कुछ न कुछ गलत हो जाता है, और इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है फेक न्यूज।” यूनुस ने कहा, “हम भारत से सबसे अच्छे संबंध बनाना चाहते हैं। वे हमारे पड़ोसी हैं। हम उनके साथ कोई बुनियादी समस्या नहीं रखना चाहते। लेकिन हर बार चीजें गलत हो जाती हैं क्योंकि बहुत सारा झूठा प्रचार फैलाया जाता है,”
सोशल मीडिया पर गुस्सा और बेचैनी
यूनुस ने कहा कि बांग्लादेश में सोशल मीडिया पर चल रहे दुष्प्रचार के चलते लोगों में “गुस्सा और बेचैनी” बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “हम इस गुस्से से उबरने की कोशिश करते हैं। लेकिन साइबर स्पेस में एक के बाद एक चीजें होती रहती हैं। हम शांत रहने की कोशिश करते हैं, लेकिन फिर अचानक कुछ कहा या किया जाता है और फिर से गुस्सा आ जाता है।”
शेख हसीना पर आरोप, भारत से नाराजगी
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटाए जाने के बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। इसके बाद से भारत और बांग्लादेश के संबंधों में तनाव बना हुआ है, क्योंकि शेख हसीना ने भारत में शरण ली है। मई 2025 में यूनुस सरकार ने हसीना की पार्टी ‘आवामी लीग’ पर भ्रष्टाचार और अधिनायकवाद के आरोप लगाते हुए उस पर प्रतिबंध लगा दिया। इसके अलावा बांग्लादेश की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्राइब्यूनल ने शेख हसीना और दो अन्य के खिलाफ 2024 में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों पर कथित हिंसक कार्रवाई के चलते जनसंहार के आरोप में मुकदमा तय किया है।

