बलौदाबाजार। बिनौरी गांव में हुई 37 वर्षीय राम कुमार साय की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पत्नी, बड़े भाई और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक की गला घोंटकर हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च की रात 11 बजे से 30 मार्च की तड़के 2:30 बजे के बीच घटना हुई। मृतक की पत्नी मीना बाई साय की सूचना पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मौत को हत्या बताया।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पत्नी मीना बाई, बड़े भाई महावीर साय और वैभव उर्फ अंशु से पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और परिवार को प्रताड़ित करता था। साथ ही उसकी अपनी बेटी के प्रति गलत नीयत होने से सभी परेशान थे।
इसी कारण तीनों ने मिलकर योजना बनाई और सोते समय गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए गमछे को पत्थर से बांधकर घर के पास कुएं में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपी महावीर साय की निशानदेही पर कुएं से गमछा और पत्थर बरामद किया है। मामले में संबंधित धाराएं जोड़कर तीनों आरोपियों को 31 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पूरे मामले की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पलारी पुलिस टीम द्वारा की गई।

