ईरान ने होर्मुज के रास्ते दो LPG जहाजों को भारत जाने की दी इजाजत

नई दिल्ली।
ईरान-अमेरिका में जारी युद्ध के बीच भारत को शुक्रवार को बड़ी कूटनीतिक जीत मिली है। ईरान से लगातार संपर्क और बातचीत के बाद भारत के झंडे वाले दो लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से गुजरने की इजाजत मिल गई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इस मामले में सीधी जानकारी रखने वाले चार सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। इन जहाजों को रास्ता मिलने से देश में एलपीजी संकट को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है। उल्लेखनीय है कि ईरानी राजदूत ने भारत को अपना दोस्त बताया था। न्यूज एजेंसी के दो सूत्रों और लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस के डेटा के अनुसार, एक कच्चे तेल का टैंकर शनिवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है। यह टैंकर एक मार्च के आसपास होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते हुए सऊदी अरब का तेल लेकर आ रहा है।
इससे पहले, होर्मुज स्ट्रेट के पास फंसे भारतीय ध्वज वाले 28 जहाजों में से एक जहाज सुरक्षित रूप से रवाना हो गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। जहाजरानी मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि ओमान से अफ्रीका के लिए गैसोलीन ले जा रहा भारतीय ध्वज वाला तेल टैंकर ‘जग प्रकाश’ होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व से रवाना हो गया है। अमेरिका व इजरायल द्वारा हमले शुरू करने और ईरान की जवाबी कार्रवाई के दौरान इस क्षेत्र को निशाना बनाये जाने के बाद इस संकरे समुद्री मार्ग में सैकड़ों जहाज फंसे हुए हैं। सिन्हा ने बताया कि भारतीय ध्वज वाले कुल 28 जहाज फंसे हुए थे, जिनमें से 24 होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में और चार पूर्व में फंसे हुए थे। उन्होंने बताया कि पूर्वी तट पर मौजूद चार जहाजों में से एक ‘जग प्रकाश’ अब रवाना हो चुका है और यह जहाज अफ्रीका के किसी गंतव्य के लिए ईंधन ले जा रहा है। जहाज ट्रैकिंग वेबसाइटों के अनुसार, जहाज ओमान के सोहार बंदरगाह से गैसोलीन भर रहा था और तंजानिया के तंगा की ओर जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *