टीएमसी सांसद का विवादित बयान

कोलकाता,28 जून। साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज में 24 वर्षीय छात्रा के साथ हुए कथित गैंगरेप के मामले ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में उबाल ला दिया है। इस दरिंदगी का मुख्य आरोपी सत्ताधारी टीएमसी की छात्र इकाई का सदस्य बताया जा रहा है। वहीं अब घटना पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी के एक बयान ने विवाद को और हवा दे दी है। बनर्जी के विवादास्पद बयान को लेकर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा विरोध जताया है और उनके बयान को “शर्मनाक” करार दिया है।
श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर एक दोस्त अपनी ही दोस्त के साथ बलात्कार करता है, तो क्या किया जा सकता है। क्या पुलिस स्कूलों में बैठाई जाएगी? यह (रेप) छात्रों द्वारा एक अन्य छात्रा के साथ किया गया है। कौन उसकी रक्षा करेगा?” उन्होंने आगे कहा, “सारे अपराध और छेड़छाड़ कौन करता है? कुछ पुरुष ऐसा करते हैं। तो, महिलाओं को किसके खिलाफ लड़ना चाहिए? महिलाओं को इन विकृत पुरुषों के खिलाफ लड़ना चाहिए।” उनके इस बयान को लेकर व्यापक आलोचना हो रही है, क्योंकि इसमें संस्थागत जिम्मेदारी से बचने की कोशिश देखी जा रही है। जब उनसे आरोपी और टीएमसी की छात्र इकाई के बीच संबंधों पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अपराध किसी पार्टी या संगठन से जुड़ा हुआ नहीं होता। कल्याण बनर्जी ने यह भी कहा, “मैं बार-बार यही कह रहा हूं कि जिसने भी यह किया है, उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। लेकिन अगर कोई दोस्त अपनी दोस्त का बलात्कार करता है, तो यह भ्रष्टाचार कैसे हो सकता है? सुरक्षा और संरक्षा की स्थिति हर जगह एक जैसी है। जब तक पुरुषों की मानसिकता ऐसी ही रहेगी, ये घटनाएं होती रहेंगी। आपका (रिपोर्टर) एक राजनीतिक एजेंडा है, इसलिए आप अपना सवाल पूछने के लिए यह माइक लेकर आए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *