रायपुर। भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ, रायपुर जिला के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने आज छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी से सौजन्य भेंट कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें जनहित एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, निजी चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम से संबंधित प्रशासनिक समस्याओं, नगर निगम यूजर चार्ज, फायर सेफ्टी, पर्यावरण मानकों तथा नर्सिंग होम एक्ट से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों को मंत्री जी के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक स्तर पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अखिलेश दुबे, डॉ. आर.आर. वर्मा, डॉ. सुनील गोल्हानी, डॉ. बद्री प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. हर्षिता मेहता, डॉ. रितु पांडे, डॉ. संदीप भार्गव, डॉ. रुद्र साहू,डॉ रोहित जैन, डॉ. रोहित चंद्रवंशी, डॉ. मुकुंद चोलक,डॉ सुरेश वर्मा, डॉ हर्ष गोस्वामी तथा जिला संयोजक डॉ सत्येन्द्र पांडे, सह-संयोजक डॉ. मनोज ठाकुर उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े जमीनी अनुभव साझा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सरल और जनोन्मुख बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से भविष्य में भी जनस्वास्थ्य अभियानों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों एवं समाजसेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया।
यह मुलाकात स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है, जिससे चिकित्सकों और शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।

