मेरे कंधों पर भारत का तिरंगा… अंतरिक्ष यान से आया शुभांशु शुक्ला का संदेश, रच दिया इतिहास

वॉशिंगटन.अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना हुए शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्षयान में सवार होने के बाद भारतीयों के लिए संदेश जारी किया है। अंतरिक्षयान में 10 मिनट की यात्रा के बाद शुभांशु ने जारी संदेश में कहा कि मेरे कंधे पर तिरंगा लगा हुआ है। इस तरह मैं हर भारतीय से जुड़ा हुआ हूं। शुभांशु शुक्ला ने तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा के लिए उड़ान भर कर इतिहास रचा है। उन्होंने जारी संदेश में कहा, ‘नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों। 41 साल बाद हम अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं, यह यादगार यात्रा है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से धरती का चक्कर काट रहे हैं, मेरे कंधों पर भारत का तिरंगा लगा है।’ शुभांशु शुक्ला ने कहा कि तिरंगा मुझे बताता है कि मैं आप सभी के साथ हूं और यह सिर्फ आईएसएस तक की मेरी यात्रा की शुरुआत नहीं है, बल्कि भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान की भी शुरुआत है। शुभांशु समेत चारों अंतरिक्ष यात्री बुधवार को एक्सिओम स्पेस द्वारा एक वाणिज्यिक मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर में ड्रैगन अंतरिक्ष यान में सवार हुए। यह विमान स्पेसएक्स कंपनी की ओर से रवाना किया गया है, जिस पर मालिकाना हक मशहूर उद्योगपित एलन मस्क का है। कई बार टलने के बाद एक्सिओम-4 मिशन के लिए बुधवार को दोपहर 12 बजकर एक मिनट का समय निर्धारित किया गया था और तय समय पर ही यान उड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *