नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड के हजारीबाग में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को सराहा, जहां सीआरपीएफ कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस के संयुक्त अभियान में 1 करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी सहदेव सोरेन सहित तीन बड़े नक्सली कमांडर मार गिराए गए। इस सफलता को उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद के पूर्ण सफाये की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे देशभर में नक्सलवाद के खात्मे की उम्मीद जगी है। झारखंड के हज़ारीबाग ज़िले में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी नेता और दो अन्य वरिष्ठ माओवादियों को मार गिराया गया। मारे गए कमांडर की पहचान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य सहदेव सोरेन के रूप में हुई है। वह पूर्वी भारत के सबसे वांछित माओवादी नेताओं में से एक था। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई को एंटी नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता करार दिया।
अमित शाह ने ट्वीट किया कि उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया कर दिया गया है। जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज झारखंड के हज़ारीबाग में सीआरपीएफ़ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली कमांडर, सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ़ परवेश को ढेर कर दिया गया है। इसके अलावा, दो अन्य इनामी नक्सली – रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ़ चंचल और बीरसेन गंझू उर्फ़ रामखेलावन – भी सुरक्षा बलों द्वारा मार गिराए गए हैं। इस अभियान के बाद, उत्तरी झारखंड के बोकारो क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया कर दिया गया है। जल्द ही पूरा देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो जाएगा।
पूरे देश से खत्म होगा नक्सलवाद: शाह

