रायपुर । राजधानी रायपुर के सरस्वती थाना क्षेत्र अंतर्गत साइंस कॉलेज मैदान में शनिवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने सुबह के समय मैदान में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है या फिर यह कोई आपराधिक वारदात हो सकती है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आस-पास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
साइंस कॉलेज मैदान में युवक की लाश मिलने से हड़कंप,

