रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की हो गई सगाई, आशीर्वाद देने अखिलेश-जया समेत कई हस्तियां पहुंचीं

टीम इंडिया के क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद प्रिया सरोज ने सगाई कर ली है. 8 जून (रविवार) को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को रिंग पहनाई. रिंग सेरेमनी लखनऊ के पांच सितारा होटल centrum में रखी गई थी. इस सेरमेनी में टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर्स प्रवीण कुमार और पीयूष चावला के अलावा यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल जैसे नामचीन खिलाड़ी शामिल हुए. रिंकू-प्रिया की शादी की डेट भी फाइनल हो चुकी है. दोनों की शादी 18 नवंबर को वाराणसी में होनी है.
रिंग सेरेमनी में रिंकू सिंह व्हाइट ड्रेस में नजर आए, वहीं प्रिया सरोज गुलाबी ड्रेस पहनी हुई थीं. स्टेज पर पहुंचते ही प्रिया सरोज की खुशी में आंसू निकल आए. बाद में दोनों ने मुस्कुराते हुए पोज दिए. समारोह में लगभग 300 मेहमान शामिल हुए. इनमें समाजवादी पार्टी के नेता मुखिया अखिलेश यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव, जया बच्चन, भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का भी नाम शामिल था.
सगाई के लिए दोनों ने एक-दूसरे के लिए स्पेशल रिंग मंगवाई थीं. प्रिया ने कोलकाता से डिजाइनर रिंग खरीदी, जबकि रिंकू ने मुंबई से खास अंगूठी मंगवाई. दोनों अंगूठियों की कुल कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है. मेन्यू भी खासतौर पर कपल की पसंद के अनुसार तैयार किया गया. प्रिया ने अपने पसंदीदा बंगाली रसगुल्ले और काजू पनीर रोल को डिश शामिल कराया. वहीं रिंकू की पसंदीदा डिश पनीर टिक्का और मटर मलाई भी मेन्यू में शामिल थी.
इस कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. 300 मेहमानों को ही विशेष पास के जरिए प्रवेश दिया गया, जिसमें बारकोड स्कैनिंग सिस्टम लगाया गया था. होटल के अंदर और बाहर प्राइवेट सिक्योरिटी और पुलिस तैनात रही. एक स्पेशल सिक्योरिटी टीम भी अलर्ट मोड पर रही ताकि किसी वीआईपी को कोई परेशानी न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *