पूर्व मंत्री राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे व आयुक्त विश्वदीप ने 5 घंटे फील्ड में रहकर किया निरीक्षण
रायपुर।
रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी है कि इंदौर जैसी कोई भी घटना रायपुर शहर में कहीं न होने पाए। इसके लिए सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतते हुए सजग और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर मीनल चौबे ने प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत तथा नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के साथ लगातार पांच घंटे तक फील्ड में रहकर विभिन्न जनहित योजनाओं की प्रगति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान स्थलों पर कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सरोना क्षेत्र में शासकीय भूमि का सीमांकन कराने निर्देश
रायपुर पश्चिम विधायक, महापौर और आयुक्त ने नगर निगम जोन क्रमांक 8 अंतर्गत सरोना शीतला माता मंदिर के समीप गार्डन एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने रिक्त शासकीय भूमियों का शीघ्र सीमांकन कराकर जनहित कार्यों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सरोना डंपिंग यार्ड में 80 प्रतिशत कचरा हटाया गया
अधिकारियों ने सरोना डंपिंग यार्ड के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लगभग 80 प्रतिशत क्षेत्र से कचरा हटाया जा चुका है और पोकलेन मशीनों की सहायता से कार्य तेजी से जारी है। शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश ठेकेदार एवं अधिकारियों को दिए गए। साथ ही डंपिंग यार्ड और आसपास की शासकीय भूमि का सीमांकन कर दीर्घकालीन जनहित योजना बनाने पर भी जोर दिया गया।
नालों का गंदा पानी खारून नदी में न जाए
चंदनीडीह स्थित 75 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं स्काडा सिस्टम कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों को ऐसी ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी स्थिति में नालों का गंदा पानी खारून नदी में न मिले।
चिंगरी नाला एवं पीहर नाला का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर विशेष अभियान चलाकर सुव्यवस्थित सफाई कराने को कहा गया, ताकि नालों का पानी ओवरफ्लो न हो और पूरा सीवेज सीधे एसटीपी तक पहुंचे। एसटीपी में उपचार के बाद तैयार रॉ-वॉटर को उद्योग समूहों को विक्रय कर नगर निगम के लिए स्थायी आय का स्रोत विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, वार्ड 69 के पार्षद महेन्द्र औसर सहित अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, अधीक्षण अभियंता पी. राजेश नायडू, इमरान खान, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन योगेश कडु, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन, उप अभियंता रमेश पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

