बांग्लादेश में नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक घर में तोड़फोड़ के सिलसिले में करीब पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एजेंसी के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा है कि टैगोर से जुड़ी किसी भी धरोहर को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है. ढाका ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को हुई तोड़फोड़ के बाद बंद किया गया रवींद्र कचहरीबाड़ी यानी रवींद्र स्मारक संग्रहालय शुक्रवार को आगंतुकों के लिए फिर से खोल दिया गया है. सिराजगंज जिले के कचहरीबाड़ी में स्थित टैगोर परिवार का पैतृक घर और राजस्व कार्यालय है. साल 1840 में रवींद्रनाथ टैगोर के दादा द्वारकानाथ टैगोर द्वारा खरीदा गया यह परिसर नोबेल पुरस्कार विजेता के लिए एकांतवास की पसंदीदा जगह थी, जिन्होंने इस जगह पर अपनी कई साहित्यिक रचनाएं मुकम्मल कीं.
रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक घर में तोड़फोड़ के सिलसिले में 5 लोग गिरफ्तार

