धान खरीदी केन्द्रों में बिक्री हेतु आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो: कलेक्टर मिश्रा

गुण्डरदेही विकासखंड के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

प्रवीण कुमार सारडा

बालोद.कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में पहुँचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के तहत धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र कुरदी, परसतराई, अर्जुंदा, ओड़ारसकरी और गब्दी में पहुँचकर वहाँ चल रहे खरीदी कार्य तथा संपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर मिश्रा ने धान बिक्री हेतु पहुँचे किसानों से केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी ली।Paddy Purchase

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और निगरानी दल को निर्देश दिए कि खरीदी केन्द्रों में केवल साफ-सुथरा और गुणवत्तायुक्त धान ही स्वीकार किया जाए। सभी नोडल अधिकारियों और निगरानी दल को प्रतिदिन सुबह 08 बजे खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर संपूर्ण व्यवस्था की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं आर.के. राठिया, जिला खाद्य अधिकारी तुलसीराम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और किसान मौजूद थे।

कलेक्टर मिश्रा ने किसानों द्वारा लाए गए धान का सूक्ष्म परीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा धान की तौल और नमी मापक यंत्र से आर्द्रता परीक्षण भी किया गया। कलेक्टर ने किसानों को साफ-सुथरा और गुणवत्तायुक्त धान ही केन्द्र में लाने की समझाइश दी। उन्होंने टोकन जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए समिति प्रबंधकों को केवल ऑनलाइन टोकन जारी करने के निर्देश दिए तथा कहा कि सिर्फ विशेष परिस्थितियों—अत्यधिक वृद्ध, निरक्षर या जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है—उन्हीं के लिए ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था हो।

कुरदी केन्द्र में निरीक्षण के दौरान बारदानों पर स्टेनसिल नहीं होने पर नाराजगी जताई गई और दो दिनों के भीतर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि अव्यवस्था मिलने पर समिति प्रबंधक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परसतराई केन्द्र में कलेक्टर मिश्रा ने किसानों की संख्या, रकबा, एग्रीस्टेक पंजीयन आदि की जानकारी ली और की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। वहीं अर्जुंदा केन्द्र में उन्होंने किसानों से टोकन व्यवस्था की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्होंने ‘तुंहर टोकन’ ऐप से आसानी से टोकन प्राप्त किया है।

ओड़ारसकरी केन्द्र में कलेक्टर मिश्रा ने तौले गए धान का पुनः तौल कराया और तौलकों को निर्धारित मात्रा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की समीक्षा कर इसे 30 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। सभी किसानों का गेट पास जारी करने पर भी जोर दिया गया।

गब्दी केन्द्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्टैक में रखी धान की बोरियों को पुनः तौलवाकर निर्धारित तौल पर संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने टोकन, गेट पास और एग्रीस्टेक पंजीयन की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *