घटगांव में सब्जी बाड़ी के बीच मिली फसल
रायगढ़,23 मार्च। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। तमनार के बाद अब जिले के लैलूंगा क्षेत्र के घटगांव में अफीम की खेती पकड़ी गई है। जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। 17 दिनों के भीतर प्रदेश में अफीम की अवैध खेती मिलने का यह पांचवां और बीते दो दिनों के भीतर जिले में दूसरा मामला है। बता दें कि लैलूंगा थाना क्षेत्र के घटगांव गांव में सब्जियों की बाड़ी के बीच छिपाकर अफीम उगाई जा रही थी। लैलूंगा से पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया था।

