झारखंड के सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कई नक्सली ढेर, गोला-बारूद बरामद

रांची। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ चल रही है। इस दौरान कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है। समाचार लिखे जाने तक इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और रुक-रुक कर फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं। कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा है कि अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी। डीआईजी ने कहा कि सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके को घेर लिया गया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और आईजी अभियान माइकल राज ने बताया कि सुबह से ही सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। उन्होंने आगे कहा कि अब भी रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है और नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावी कार्रवाई की। मुठभेड़ कई घंटों तक चली, जिसमें सुरक्षाबलों को निर्णायक बढ़त मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *