गोपाल खेमका मर्डर केस में पहला एनकाउंटर

पटना। बिहार के बड़े कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के केस में पटना पुलिस ने मंगलवार की सुबह-सुबह हथियार के एक सप्लायर को एनकाउंटर में मार गिराया है। बिहार पुलिस की एसटीएफ ने पटना में अवैध आर्म्स का धंधा करने वाले विकास उर्फ राजा को मुठभेड़ में मार दिया है। जानकारी के मुताबिक, राजा को पुलिस ने सोमवार को ही शूटर उमेश के साथ गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की टीम राजा की निशानदेही पर मर्डर में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने गई थी। इसी दौरान राजा ने एसटीएफ की टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और राजा मारा गया। शूटर उमेश को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने कहा था कि सीसीटीवी फुटेज में दिखे हत्यारे से उमेश के चेहरे का मिलान हो गया है।आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा सुबह 11 बजे संवाददाता सम्मेलन करेंगे। पुलिस ने उमेश यादव को हत्या की सुपारी देने वाले के तौर पर अशोक शाह का नाम लिया है। अशोक शाह की गोपाल खेमका से क्या दुश्मनी थी, उसने क्यों मरवाया, इसके बारे में पुलिस की पीसी में जानकारी मिलने की संभावना है।
चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में यह पहला एनकाउंटर है। पटना में मालसलामी थाना क्षेत्र के परदामारिया घाट के पास एसटीएफ और राजा के बीच यह मुठभेड़ हुई है। यहां एक ईंट-भट्टे के अंदर राजा और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। एनकाउंटर के बाद यहां भारी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *