महासमुंद .कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी श्री फागुलाल नागेश के मार्गदर्शन में खनिज अमले द्वारा ग्राम पीढ़ी (महानदी तट) क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेड मशीन को पकड़ा गया। मौके पर मौजूद मशीन चालक को तुमगांव थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत दो दिनों से पीढ़ी क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का परिवहन रायपुर जिले के करमंडी खदान की ओर रैम्प मार्ग के माध्यम से किया जा रहा था। यह गतिविधि रात्रि के समय की जाती थी। खनिज अमले द्वारा पूर्व में सूचना के आधार पर निगरानी रखी जा रही थी। जैसे ही मशीन महासमुंद की ओर बढ़ी, टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे रोक लिया।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जब्त मशीन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में कहीं भी अवैध खनन एवं परिवहन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

