मेक्सिको में ड्रग लॉर्ड एल मैन्चो की हत्या के बाद सड़कों पर कोहराम

मेक्सिको में ड्रग लॉर्ड एल मैन्चो की हत्या के बाद सड़कों पर कोहराम मचा हुआ है। देश के सबसे बड़े और ताकतवर ड्रग कार्टेल के लीडर को यहां की सेना ने रविवार को एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर मार गिराया। इसके बाद उपद्रवियों ने कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया है। अब मेक्सिको में रहने वाले भारतीयों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक सलाह जारी कर भारतीय नागरिकों से बेवजह आने-जाने से बचने और अगली सूचना तक सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर भारतीयों से यह अपील की है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि सुरक्षा ऑपरेशन, सड़क जाम और आपराधिक गतिविधियों की खबरों के बीच, जलिस्को राज्य, के साथ-साथ तमाउलिपास (रेनोसा सहित), मिचोआकेन के कुछ हिस्सों, गुएरेरो और नुएवो लियोन में भारतीय नागरिकों से अगली सूचना तक सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की जाती है। दूतावास ने ऑपरेशन के आसपास के इलाकों से बचने, भीड़ से दूर रहने, अपना ध्यान रखने और अपने घरों के बाहर बेवजह आने-जाने से बचने की भी सलाह दी है।
आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश

इसके अलावा भारतीय दूतावास ने लोगों को कुछ अहम निर्देश भी दिए हैं। भारतीयों ने किसी भी अपडेट के लिए लोकल मीडिया पर नजर रखने और लोकल अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा गया है। आपातकालीन स्थिति में लोगों को 911 डायल करनी की सलाह के साथ साथ लोगों से गुजारिश की गई है कि वे अपने परिवार और दोस्तों को फोन कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए अपनी लोकेशन और सेहत के बारे में बताते रहें। दूतावास ने मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *