MEDLIPER पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की समन्वय बैठक

तकनीकी दिक्कतें दूर कर रिपोर्ट अपलोड प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

बलौदाबाजार।
पूर्व में किसी भी आपराधिक प्रकरण में घायल अथवा आहत व्यक्ति का पुलिस प्रक्रिया के दौरान चिकित्सा स्वास्थ्य परीक्षण (एमएलसी) फॉर्म हस्तचलित रूप से भरकर शासकीय अस्पताल भेजा जाता था। इसी प्रकार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी पूर्णतः मैनुअल थी, जिसमें पीएम फॉर्म भरकर रिपोर्ट प्राप्त की जाती थी। वर्तमान समय में इस संपूर्ण प्रक्रिया को ऑनलाइन संचालित करने के उद्देश्य से सीसीटीएनएस परियोजना अंतर्गत MEDLIPER पोर्टल प्रारंभ किया गया है।

MEDLIPER पोर्टल के तहत संबंधित थाने से घायल व्यक्ति का एमएलसी मेडिकल फॉर्म ऑनलाइन भरकर शासकीय चिकित्सालय को भेजा जाता है। इसके पश्चात अस्पताल में ड्यूटी पर उपस्थित शासकीय चिकित्सक द्वारा घायल व्यक्ति का परीक्षण कर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए मेडिकल रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाती है। इसी प्रकार पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार MEDLIPER पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाती है।

प्रारंभिक चरण में आ रही थीं व्यावहारिक व तकनीकी समस्याएं

परियोजना के प्रारंभ होने के पश्चात शासकीय चिकित्सकों को MEDLIPER फॉर्म भरने एवं रिपोर्ट अपलोड करने में कई प्रकार की व्यावहारिक एवं तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण मेडिकल एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब हो रहा था।

इन समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को दोपहर 1 बजे पुलिस कार्यालय सभा कक्ष, बलौदाबाजार में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

पीड़ित को शीघ्र न्याय दिलाने में सहायक है MEDLIPER : एसपी

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने कहा कि MEDLIPER पोर्टल का उद्देश्य किसी भी प्रकरण में आहत अथवा पीड़ित व्यक्ति की पुष्टिकृत मेडिकल रिपोर्ट त्वरित रूप से प्राप्त करना है, जिससे पीड़ित को समय पर न्याय मिल सके और दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने की प्रक्रिया मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में अनावश्यक विलंब होने से आरोपी पक्ष को लाभ मिलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, इसलिए समस्त पुलिस अधिकारी एवं शासकीय चिकित्सक आपसी समन्वय स्थापित कर पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।

तकनीकी दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा

बैठक में MEDLIPER पोर्टल के अंतर्गत एमएलसी रिपोर्ट एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट अपलोड करने के दौरान आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस समन्वय बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा श्री हेमसागर सिदार, एसडीओपी बलौदाबाजार सुश्री अपूर्वा क्षत्रिय, एसडीओपी भाटापारा श्री तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक कैंप कसडोल श्री कौशल किशोर वासनिक, उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रेमलाल साहू, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, जिला चिकित्सा अधिकारी बलौदाबाजार, जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी अधिकारी तथा खंड चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर MEDLIPER पोर्टल के सुचारु एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *