प्रेमी संग शादी करने पति करवाया हत्या

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के अलीपुर इलाके में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचकर उसे मौत के घाट उतरवा दिया। आरोपी महिला ने पति की हत्या के लिए अपनी बहन के देवर को सुपारी दी थी। हत्या के बाद पति का मोबाइल फोन प्रेमी को सौंप दिया गया, लेकिन महीनों बाद जब वह फोन ऑन हुआ तो पूरा राज खुल गया।
आरोपी महिला सोनिया ने 20 जुलाई 2023 को अलीपुर थाने में अपने पति प्रीतम प्रकाश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसका पति 5 जून की रात से लापता है।
पुलिस ने शुरुआती जांच में प्रीतम के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया, लेकिन वह बंद था, जिससे लोकेशन का पता नहीं चल सका। कुछ महीने बाद जब फोन अचानक ऑन हुआ तो उसकी लोकेशन हरियाणा के सोनीपत के जाजी गांव में मिली। पुलिस ने फोन चला रहे युवक रोहित को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पूछताछ में पता चला कि रोहित, जो पहले से हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में शामिल रहा है, दिल्ली में टैक्सी चलाता था। उसका सोनिया के साथ अवैध संबंध था। सोनिया ने ही उसे प्रीतम का मोबाइल दिया था और कहा था कि वह उसे नष्ट कर दे, लेकिन रोहित ने उसे इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। पुलिस पूछताछ में सोनिया ने हत्या की साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि प्रीतम अक्सर शराब पीकर उससे झगड़ा करता था और मारपीट करता था। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिये उसकी दोस्ती रोहित से हुई और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन प्रीतम रास्ते का रोड़ा बन रहा था। सोनिया ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए सोनीपत के गन्नौर निवासी बहन के देवर विजय को सुपारी दी थी। सौदा 50 हजार में तय हुआ। विजय ने 5 जुलाई को प्रीतम को गन्नौर बुलाकर अपने घर रुकवाया और रात को सोते समय उसकी हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंक दिया था। 10 जुलाई को गन्नौर पुलिस को नाले से एक अज्ञात शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर उसका लावारिश में अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम के दौरान डीएनए नमूने सुरक्षित रखे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *