काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को एक भीषण विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है और 13 घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि यह धमाका शहर-ए-नव इलाके में एक होटल में हुआ, जो विदेशी नागरिकों के ठहरने का प्रमुख स्थान है और काबुल के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक माना जाता है। तालिबान के गृह मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। प्रवक्ता खालिद जादरान ने कहा कि शहर-ए-नाउ जिले के एक होटल में विस्फोट हुआ, जिसमें कई लोग हताहत हुए हैं।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि विस्फोट में सात लोगों की जान गई है और 13 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच अभी जारी है। जानकारी आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने विस्फोट का जोरदार धमाका सुनने के साथ ही साथ घटनास्थल से धुआं उठता हुआ देखा। बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। साथ ही जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं। फिलहाल ये नहीं बताया गया कि इस घटना में किसका हाथ है लेकिन संदेह जताया जा रहा है कि इस विस्फोट में इस्लामिक स्टेट-खोरसान (ISIS-K) का हाथ हो सकता है। हालांकि अभी तक ISIS-K ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।

