लक्षित समयावधि मे काम पूरा नहीं होने पर ठेकेदारों के विरूद्ध होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्री मिश्रा ने भुगतान रोकने से लेकर ब्लैक लिस्ट करने ठेकेदारों को चेताया
धमतरी. कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जल जीवन मिशन के लंबे समय से अधूरे पड़े कामों की ग्रामवार, ठेकेदारवार समीक्षा की और ठेकेदारों को जल्द से जल्द इन कामों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने इस बैठक में जिले में लगभग 15 गांवों में जल जीवन मिशन के अधूरे कामों की पूरी जानकारी अधिकारियों से ली। श्री मिश्रा ने इन गांवों में बाकी बचे कामों को जल्द से जल्द पूरा नही करने पर ठेकेदारों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियता को दिए। उन्होंने ठेकेदारों से निर्धारित की गई समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम करके ग्रामीणों को पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने बैठक में यह भी चेताया कि कामों को बार-बार स्मरण कराए जाने के बाद भी अधूरा छोड़ने पर संबंधित ठेकेदारों के विरूद्ध भुगतान रोकने, सुरक्षा निधि राजसात करने से लेकर शासकीय तौर पर ब्लैक लिस्ट करने तक की कार्रवाई की जा सकेगी। बैठक में कार्यपालन अभियंता पीएचई श्रीमती आशालता गुप्ता सहित संबधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कुरूद विकासखण्ड के बोरझरा, ढेठा, गजकन्हार और मगरलोड विकासखण्ड के सोनझरी एवं धनबुड़ा गांवों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई और इन कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कुरूद विकासखण्ड के टिपानी, चिरपोटी, बिरेझर, चर्रा, मुरा, जोतरातराई अ., मगरलोड के कमरौद, करेली छोटी, मोहंदी और गांवों में राईजिंग मेन, जल वितरण पाईप लाईन, बाउण्ड्रीवॉल, टंकी निर्माण, विद्युत डिमांड बिल का भुगतान, टंकी से जल प्रदाय शुरू कर टेस्टिंग एवं ट्रायल, वॉल्व चेम्बर, क्लोरिनेटर संयंत्र, पाईपलाईन, क्षतिग्रस्त घरेलू नल कनेक्शन मरम्मत आदि काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मेसर्स सतीश कंस्ट्रक्शन, जय मां अम्बे मिनरल्स, एस.के.कंस्ट्रक्शंस, मे. मो. वहीद चौहान, मयंक कंस्ट्रक्शन, वैभव कंस्ट्रक्शन, मदन लाल गोयल, मे.भूमि एसोसिएट्स, मेसर्स गांधी मशीनरी स्टोर्स, सफायर कंस्ट्रक्शन और मेसर्स स्वास्तिक इंन्फ्रा के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
क्रमांक-114/452/अमित

