पाकिस्तानी लड़के-लड़की की लाशें जैसलमेर बॉर्डर के पास मिलीं

जैसलमेर,29 जून। राजस्थान के जैसलमेर जिले से लगे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेतीले टीलों पर एक युवक और किशोरी के शव मिले. दोनों की पहचान पाकिस्तानी नागरिकों के रूप में हुई. शुरुआती जांच में दोनों के प्रेमी युगल होने और भूख-प्यास से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन यह रहस्य बरकरार है कि वे भारत में कैसे पहुंचे और क्या उनकी मौत के पीछे कोई गहरी साजिश छुपी है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला जैसलमेर के पास भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट तनोट व साधेवाला क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा से 10 से 12 किमी अंदर भारतीय क्षेत्र की है. साधेवाला गांव के चरवाहों ने शनिवार की शाम रेतीले टीलों पर युवक और एक लड़की के शव देखे. दोनों के शव करीब चार पांच दिन पुराने लग रहे हैं. दोनों के पास पाकिस्तानी मोबाइल सिम व पाकिस्तान आई कार्ड मिले हैं, जिससे दोनों के पाकिस्तानी नागरिक होने की पुष्टि हुई है. दोनों की उम्र 20 साल से कम बताई जा रही है.
प्रथम दृष्टया दोनों के भूख प्यास से मौत की आशंका जताई जा रही है. यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों हिंदू प्रेमी प्रेमिका हैं और पाकिस्तान में हो रहे अत्याचारों से तंग आकर भारत आए होंगे. फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि दोनों यहां कैसे पहुंचे. घटनास्थल पर पुलिस और BSF के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू की. पुलिस ने फिलहाल दोनों शवों को रामगढ़ मोर्चरी में रखवाया है. अब पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा. दोनों पाकिस्तान से आये हैं या पहले से भारत में मौजूद थे, इसका भी खुलासा नहीं हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *