IPL 2025 के बीच केएल राहुल के घर गूंजी किलकारी

मुंबई। भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल पिता बन गए हैं। आईपीएल 2025 के बीच राहुल के घर किलकारी गूंजी है। सोमवार को उनकी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी ने बेटी को जन्म दिया। राहुल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए यह जानकारी फैंस के साथ शेयर की। अथिया ने भी बेटी के जन्म पर पोस्ट शेयर की है। राहुल हाल ही में विशाखापट्टनम में आईपीएल के 18वें सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से जुड़े थे लेकिन रविवार रात अचानक से मुंबई वापस लौट गए। 32 वर्षीय राहुल और अथिया मुंबई में रहते हैं। अथिया एक्टर सुनील शेट्टी की बेटी हैं। राहुल और अथिया ने करीब तीन साल तक डेट करने के बाद 23 जनवरी 2023 को शादी रचाई थी। दोनों शादी के बाद साल बाद पहली बार पेरेंट्स बने हैं। राहुल और अथिया शेट्टी ने नवंबर 2024 में गुड न्यूज की जानकारी दी थी। वहीं, अब दोनों के घर खुशियों की सौगात आने पर बधाइयों का तांता लग गया है। एक यूजर ने कमेंट किया, ”केएल राहुल भाई और अथिया शेट्टी भाभी, आप दोनों को बहुत-बहुत बधाई।” अन्य ने कहा, ”बधाई हो। आपको देवी का वरदान मिला है। अपने परिवार के साथ समय बिताइए, यह अनमोल पल हैं। हम अब आपके मैदान पर लौटने का इंतजार करेंगे।”

राहुल को दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल आईपीएल मेगा ऑक्शन में 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का हिस्सा थे। राहुल भले ही सोमवार को डीसी वर्सेस एलएसजी मैच में उपलब्ध नहीं हैं लेकिन वह दूसरे मैच के लिए टीम से जुड़ सकते हैं। दिल्ली को 30 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलना है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल के एक पारिवारिक मित्र ने कहा कि वह टीम के अगले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। बता दें की राहुल आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे, जहां वह अच्छी फॉर्म में नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *