दीन दयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन,अंदरूनी क्षेत्रों में बस परिचालन हेतु रूट चार्ट तैयार करने,ई-ऑफिस प्रणाली एवं जाति प्रमाण पत्र वितरण जैसे विभिन्न बिन्दुओं की हुई गहन समीक्षा
दंतेवाड़ा। जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आज समय सीमा बैठक कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आहूत की गई थी। बैठक में कलेक्टर ने दीन दयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना,एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मुख्यालय में नागरिकों को निशुल्क पौध वितरण,नीति आयोग विकास सूचकांक के तहत संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मैदानी कर्मचारियों को सम्मानित करने,अंदरूनी क्षेत्रों में बस परिचालन हेतु रूट चार्ट तैयार करने,जैसे विभिन्न बिन्दुओं के अतिरिक्त जाति प्रमाण पत्र वितरण में अद्यतन प्रगति,आश्रम छात्रावासों में नियमित निरीक्षण,ई -ऑफिस प्रणाली,नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु योजनाओं की संतृप्तिकरण पर भी विस्तृत दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में दीन दयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना को शासन की प्राथमिकता वाली फ्लैगशिप योजना बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत एवं शहरी क्षेत्रों में सीएमओ प्रभावी क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के अलावा अनुसूचित क्षेत्रों में देव स्थलों में पूजा करने वाले पुजारी, बैगा, गुनिया, माझी, चालकी भी पात्र होगें। अगर परिवार के पास आवासीय भूमि है तो भी वे लाभार्थी होगें। ऐसे आवेदक जो योजना के लिए पात्र है और पंजीकृत नहीं है वे भी इसके लिए आवेदन कर सकते है। योजना के आवेदन पत्र ग्राम या नगर पंचायत के तहत प्राप्त किए जा सकेगें। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि इसके लिए पंजीयन हेतु व्यापक प्रचार प्रसार कर इसका लाभ पात्र हितग्राहियों को देना सुनिश्चित करें और योजना के तहत अद्यतन रिपोर्ट प्रति समय सीमा बैठक में चाही जाएगी।
एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वन विभाग को निर्देश दिया कि मुख्यालय के सार्वजनिक स्थानों में निशुल्क पौध वितरण स्टॉल स्थापित करें ताकि आम नागरिक भी इस अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता दें। इसके लिए विभाग द्वारा पौधों के वितरण की घर पहुंच सेवा भी प्रदाय की जानी चाहिए। नीति आयोग विकास सूचकांक के अन्तर्गत संपूर्णता अभियान के परिप्रेक्ष्य में कृषि स्वास्थ्य,महिला बाल विकास, पशुधन विकास, विभाग द्वारा विगत महिने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मैदानी कर्मचारियों हेतु सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभाग विकास सूचकांक से संबंधित डेटा प्रत्येक महीने की 7 तारीख तक उपलब्ध करना सुनिश्चित करेंगें।
इसी प्रकार अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों में शासन के निर्देशानुसार बस परिचालन हेतु रूट चार्ट तैयार करने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में ऐसे अंदरूनी क्षेत्रों को प्राथमिकता देवें जहां सार्वजानिक आवागमन की साधन न के बराबर है। इसके अलावा बैठक में कलेक्टर ने पहचान दंतेवाड़ा के तहत जन्म, आधार और राशन कार्ड की साप्ताहिक प्रगति, आश्रम छात्रावासों में मूलभूत व्यवस्थाओं के नियमित निरीक्षण हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, छात्रों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण,नक्सल प्रभावित परिवारों के युवाओं हेतु रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रारंभ किए जाने, जाति प्रमाण पत्र बनाये जाने के आवेदनों पर की जा रही साप्ताहिक प्रगति पर भी विस्तारपूर्वक समीक्षा किया।
बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली के तहत सर्व विभाग प्रमुखों और उनके अधीनस्थ स्टाफ को ई-ऑफिस प्रणाली के तहत संपूर्ण प्रशिक्षित होने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आगामी माह से सभी कार्यालयीन कार्यों जैसे फाइल, दस्तावेज और पत्राचार, नोटशीट इत्यादि ई-ऑफिस प्रणाली के तहत ही संपादित होगें। अतः सर्व विभाग ई-ऑफिस के तहत किसी भी प्रकार की समस्याएं आने पर अपने कर्मचारियों को जिला कार्यालय में भेज कर इसका समाधान कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम सभी विभाग प्रायोगिक तौर पर फाइल तैयार कर इसे ई-ऑफिस प्रणाली की प्रक्रिया अनुसार जिला कार्यालय में प्रस्तुत करें इसकी भी समीक्षा आगामी समय सीमा बैठक में ली जावेगी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार शासन के डिजिटलीकरण किए जाने के दिशा में अब जिले के सभी कार्यालयों में फ़ाइलों दस्तावेजों और पत्राचार नोटशीट का प्रबंधन डिजिटल के माध्यम से किया जाएगा। जिससे शासकीय कार्य पारदर्शी प्रभावी और सुव्यवस्थित होगें और आम नागरिक को प्रभावी सेवाएं मिलेगी। इसके तहत कार्यालयीन कार्यों में फाइलों की ट्रैक रिपोर्टिंग जैसी सभी गतिविधियां ऑनलाइन किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

