वन प्रबंधन समिति की बैठक में वन अग्नि सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण एवं ग्राम स्तरीय योजनाओं पर लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय

बलौदाबाजार. वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत विभिन्न ग्रामों की वन प्रबंधन समितियों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में आगामी फायर सीज़न को दृष्टिगत रखते हुए वनों एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा ग्राम स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा कर निर्णय लिया जा रहा है।

वन प्रबंधन समितियाँ सुरबाय, बरबसपुर, मूढ़ीपार, पिपरचेड़ी, पाथियापाली, चरौदा (ब), लोरिदखार, खुड़मुड़ी, गबौद सहित अन्य ग्रामों में आयोजित बैठकों के दौरान वन एवं वन्यप्राणी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। विशेष रूप से महुआ संग्रहण के दौरान पेड़ों के नीचे आग न लगाने, सूखे पत्तों को ब्लोवर अथवा झाड़ू से साफ कर सुरक्षित ढंग से महुआ बीनने, खेत-खलिहानों में पराली न जलाने तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने और आग बुझाने में सहयोग करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

बैठकों में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को फायर अलर्ट सिस्टम से जोड़ा जाएगा, ताकि वनाग्नि की सूचना समय पर प्राप्त हो सके। कई ग्रामों में समिति निधि से अतिरिक्त सुरक्षा श्रमिक रखने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे फायर सीज़न के दौरान निगरानी और सुदृढ़ हो सके। कुछ समितियों द्वारा ग्राम विकास कार्यों हेतु समिति खाते से राशि उपयोग करने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।

किसान वृक्ष सम्पदा योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया, जिस पर ग्रामीणों ने सहमति व्यक्त की। मधुमक्खी पालन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई और कई ग्रामीणों ने इसमें रुचि दिखाई। मानव-वन्यजीव द्वंद्व की स्थिति में तत्काल सूचना देने, अवैध कटाई, शिकार, अतिक्रमण एवं उत्खनन की रोकथाम में सहयोग करने तथा पालतू कुत्तों की पहचान सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *